छऊ मेला देखकर लौट रहे दो किशोरों की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि आपसी रंजिश के कारण दोनों किशोरों की हत्या कर शव को पहाड़ी इलाके में छिपा दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, 17 मई की रात साइको गांव में छऊ नृत्य मेला लगा था। गांव निवासी विशाल पाहन (17) और सुशी मुंडू (17) मेला देखने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू करने के बाद दोनों के लापता होने की खबर इलाके में फैल गई। बाद में दोनों के शव मरासूक पहाड़ क्षेत्र से बरामद किए गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दोनों किशोरों पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शवों को पहाड़ी क्षेत्र में छिपा दिया गया ताकि घटना का पता न चल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी जांच, पूछताछ और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दुरजन मांकरी, गोमेया सोय और बुचराम सोय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने आपसी रंजिश में हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून लगी टांगी, चप्पल, मिट्टी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। सभी सामानों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ मंगल सिंह जांगड़ा, इंस्पेक्टर विनय राय, थाना प्रभारी प्रसाद पांडेय और साइको थाना की टीम शामिल रही। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है।

Read More News

ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में हेमन्त सोरेन के बड़े निर्देश, सखी मंडल और आवास योजनाओं पर जोर

रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की...

Read More