झारखंड भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रेस वार्ता में हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, परीक्षा धांधली, खराब कानून व्यवस्था और घुसपैठ को लेकर जोरदार हमला बोला।
झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में अपनी पहली प्रेस वार्ता को संबोधित किया। अपने दो दिवसीय दौरे के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 2019 से सत्ता में काबिज झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार के कार्यकाल में राज्य की स्थिति अत्यंत विकट हो चुकी है और विकास के नाम पर जनता को केवल निराशा ही हाथ लगी है।

बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की लूट का आरोप गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बालू, कोयला, पत्थर, खनिज संपदा और DMFT फंड की खुलेआम लूट-खसोट जारी है। जल, जंगल और जमीन की लूट के कारण सरकार और उसके मुखिया सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि सत्ताधारी दल भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाने का काम कर रहे हैं।
युवाओं के मुद्दों, घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर घेरा प्रदेश प्रभारी ने राज्य के युवाओं और छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही और PGT जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
इसके अलावा, उन्होंने राज्य में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार की नियत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार घुसपैठ रोकने के बजाय उन्हें प्रश्रय दे रही है और पारदर्शी मतदाता सूची प्रक्रिया (SIR) का विरोध कर भ्रम फैला रही है। उन्होंने राज्य में अपराध, हत्या, लूट और महिला असुरक्षा को लेकर कहा कि अपराधी बेखौफ हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और संकल्प सभा प्रेस वार्ता के दौरान गजेंद्र सिंह पटेल ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को देश के 750 ज़िला मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष उद्बोधन और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा झारखंड की जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक अपना आंदोलन जारी रखेगी। इस दौरान प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.