दुर्गा पूजा को लेकर हेमंत सोरेन से मिले समितियों के सदस्य, मिला सपरिवार आने का न्योता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची दुर्गा पूजा समितियों ने मुलाकात कर पंडाल भ्रमण का निमंत्रण दिया। CM ने पर्यावरण, नशामुक्ति और सुरक्षा व्यवस्था पर सुझाव दिए।

News Saga Desk

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया और आगामी दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को पूरा सहयोग मिल रहा है। सदस्यों ने प्रशासन की ओर से पूजा से पहले लगातार बैठकें आयोजित कर समस्याओं का समाधान करने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों में आने का निमंत्रण

दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार भ्रमण करने और माता रानी के दर्शन एवं महाआरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि राजधानी रांची में इस वर्ष भी आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।

पर्यावरण अनुकूल तरीके से मूर्ति विसर्जन पर जोर

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को कई अहम सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि आस्था और परंपरा को बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन पर्यावरण अनुकूल तरीके से किया जाना चाहिए।

हेमंत सोरेन ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद शहर के तालाबों और जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनती है। ऐसे में राज्य सरकार और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए।

उन्होंने पूजा समितियों से ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का आग्रह किया, जहां धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुरूप पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना मूर्ति विसर्जन किया जा सके।

पूजा पंडालों में लगेंगे नशामुक्ति जागरूकता के होर्डिंग

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों से पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त झारखंड के निर्माण के लिए सरकार के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज के स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा पंडालों में नशामुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए और अनाउंसमेंट के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाए।

पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता को लेकर बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। साथ ही अनाउंसमेंट के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

बिजली, पानी, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा को शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में भाईचारे, सुख-समृद्धि और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे। बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

कई समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता और मयंक गिरी शामिल रहे।

वहीं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति की ओर से अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा और समीर सिंह मौजूद रहे। शांति समिति की ओर से जय सिंह यादव, बादल सिंह समेत अन्य सदस्य शामिल हुए।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए झारखंड की तरक्की और खुशहाली की कामना की।

Read More News

त्योहार से पहले मंईयांओं को बड़ा तोहफा, इन 2 जिलों की महिलाओं के खाते में पहुंची सम्मान राशि

मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्योहारों के बीच झारखंड सरकार...

Read More