NEWS SAGA DESK
रांची के मोराबादी स्थित श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार और गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुधवार को धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूरे आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत तथा ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से भक्तिमय माहौल बना रहा।
सुंदरकांड सेवा समिति, मोराबादी के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक सुंदरकांड पाठ में सैकड़ों महिलाओं ने एक स्वर में भगवान हनुमान की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन स्मिता शुक्ला ने किया। वहीं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप खीर का वितरण मिनी शर्मा द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान भोलेनाथ के पावन घट का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विशेष पूजन किया गया। इसके बाद धार्मिक परंपरा के अनुसार घट परिवर्तन और विसर्जन की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने आयोजन को आध्यात्मिक शुद्धि और सनातन संस्कृति का प्रतीक बताया।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं शामिल हुईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
इस मौके पर यज्ञा बाबा आश्रम के महंत भरत दास जी महाराज, मुख्य पुजारी विकास पांडे, आशुतोष द्विवेदी, राजू पोद्दार, राजू दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.