NEWS SAGA DESK
पलामू में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सह राज्य सचिव जैश रंजन पाठक ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पांडे ने किया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन समिति के सदस्य हृदयनंद मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
हृदयनंद मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार को बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन, खेती, खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
राज्य सचिव जैश रंजन पाठक ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
श्याम नारायण सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से शिक्षित बेरोजगार, विद्यार्थी, गरीब और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है।
हस्ताक्षर अभियान में ईश्वरी प्रसाद सिंह, शमीम अहमद राइन, सुरेंद्र पांडे, शंकर पांडे, शैलेश चंद्रवंशी, खुर्शीद खान, नफीस खान, सोनू सिद्दीकी, बबलू सिंह, तुलसी पासवान, अनिल सिंह, सीटू पाठक और मनोरंजन दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
No Comment! Be the first one.