झारखंड में भाईचारे और उल्लास के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी भीड़

NEWS SAGA DESK

रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में गुरुवार को ईद उल अजहा यानी बकरीद का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और लगातार गश्त की जा रही थी। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही और लोगों ने खरीदारी का आनंद लिया। पूरे राज्य में सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

सरायकेला-खरसावां में ईदगाहों में उमड़ी भीड़

सरायकेला-खरसावां जिले में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। खरसावां के बेहरासाही स्थित मदिना मस्जिद और गोंदपुर स्थित मस्जिद निजामुद्दीन में सुबह नमाज अदा की गई। कदमडीहा ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक नमाज पढ़ी और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। जिले के जामा मस्जिद, कमलपुर, मुड़िया, बालिगुमा, टेंटोपोसी और बालीपोशी समेत कई इलाकों में भी नमाज अदा की गई।

धनबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व

धनबाद के बलियापुर क्षेत्र में लालाडीह ईदगाह मैदान में जामा मस्जिद के इमाम एवं मुफ्ती सलमान कासमी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी गई। भिखराजपुर, आमझर, परघा, बेलगड़िया टाउनशिप, बेड़ा नियामतपुर, दूधिया, बाघमारा, सिंगियाटांड़ और अन्य इलाकों में भी लोगों ने ईद की नमाज अदा की। सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो सहित कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों को बधाई दी।

साहिबगंज में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई नमाज

साहिबगंज जिले में भी ईद उल अजहा शांतिपूर्ण वातावरण में मनाई गई। ईदगाह परिसर में पेश इमाम ए कासमी की तकरीर के बाद नमाज अदा की गई। शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। बरहरवा, बरहेट, पतना, गुमानी और कोटालपोखर समेत कई क्षेत्रों में भी नमाज अदा की गई।

पतरातू में दिखा भाईचारे का माहौल

रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में भी ईद उल अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। पीटीपीएस मस्जिद कॉलोनी, सोलिया, पलानी, तालाताड़, हफुआ, रोचाप, जयनगर, पतरातू बस्ती और रेलवे कॉलोनी समेत कई इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों की भीड़ जुटी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और खुशियां बांटी गईं।

गिरीडीह में अकीदत के साथ पढ़ी गई नमाज

गिरीडीह जिले के गांडेय प्रखंड के महेशमुण्डा, बड़की टांड़, पांडेयडीह, परमाडीह, फुलजोरी, घाटकुल और ताराटांड़ समेत कई मुस्लिम बहुल गांवों में बकरीद की रौनक देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने कुर्बानी की रस्म निभाई और एक-दूसरे को बधाई दी। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल पूरे दिन मुस्तैद रहे।

राजमहल में विधायक ने भी अदा की नमाज

साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडल मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बकरीद धूमधाम से मनाई गई। अकबरी मस्जिद ईदगाह में राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। विधायक ने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Read More News

Read More