NEWS SAGA DESK
जामताड़ा शहर में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर एक डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पंप में घुस रहा था। उसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप की ओर मुड़े। बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक स्कूटी समेत डंपर के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृत युवक की पहचान रोनित राय के रूप में हुई है, जो तीलाबाद इलाके का रहने वाला था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। दो अन्य घायल युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को पहले जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ वसीम रजा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के समय मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
युवक की मौत से नाराज लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोग दोषी चालक पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण क्षेत्र में आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.