देवघर में उल्लास के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी दुआ

NEWS SAGA DESK

देवघर। मुस्लिम समुदाय के प्रमुख पर्व बकरीद को लेकर जिलेभर में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचे। इस दौरान विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी।

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर मंत्री हफिजुल हसन ने भी बकरीद की नमाज अदा की और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ मांगी। मस्जिद के इमाम ने बताया कि बकरीद, जिसे ईद-उल-अजहा भी कहा जाता है, पैगंबर हजरत इब्राहिम के सर्वोच्च बलिदान की याद में मनाई जाती है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्रिय चीज की कुर्बानी देते हैं।

पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

Read More News

Read More