राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में तेज हुई सियासी हलचल, कांग्रेस ने बढ़ाई सक्रियता

NEWS SAGA DESK

रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए राज्यसभा की दोनों सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में जाती नजर आ रही हैं। हालांकि गठबंधन के भीतर एकजुटता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इसी वजह से कांग्रेस भी अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे मुख्यमंत्री Hemant Soren से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में सीट बंटवारे को लेकर अहम फैसला हो सकता है। बैठक में कांग्रेस नेता और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री Mallu Bhatti Vikramarka भी शामिल होंगे।

कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि गठबंधन के भीतर सहमति बनाकर झामुमो और कांग्रेस को एक-एक सीट दी जाए। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपना संदेश भी देगा। साथ ही पार्टी नेता अपने तर्कों के जरिए मुख्यमंत्री को इस बात के लिए मनाने की कोशिश करेंगे कि राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को दी जाए।

प्रदेश प्रभारी के राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस राज्यसभा की एक सीट पर मजबूत दावा रखती है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों, जिनमें राजद और वाम दल शामिल हैं, से भी चर्चा करेंगे। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले गठबंधन के भीतर किसी तरह का मतभेद सामने न आए।

कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में

राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस के भीतर दावेदारों की संख्या भी बढ़ने लगी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री Subodh Kant Sahay और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Rajesh Thakur के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में बताए जा रहे हैं।

पार्टी इस बार सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। यही कारण है कि अलग-अलग समाज और क्षेत्रों से आने वाले नेताओं के नामों पर विचार किया जा रहा है।

शहजादा अनवर ने फिर पेश की दावेदारी

साल 2020 में राज्यसभा चुनाव लड़ चुके Shahzada Anwar ने एक बार फिर अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Mallikarjun Kharge को पत्र लिखकर खुद को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है। हालांकि पिछली बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार वे फिर से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।

विधानसभा में सत्तापक्ष का मजबूत गणित

विधानसभा में संख्या बल की बात करें तो इंडिया गठबंधन की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है।

पार्टीविधायकों की संख्या
झामुमो34
कांग्रेस16
राजद04
माले02
कुल56

इसी संख्या बल के आधार पर माना जा रहा है कि यदि गठबंधन एकजुट रहा तो राज्यसभा की दोनों सीटों पर उसकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।

Read More News

Read More