आम के पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय छात्रा का शव, गांव में पसरा मातम

NEWS SAGA DESK

गुमला :- जिले के सदर थाना क्षेत्र के सतपारा घटा गांव में शनिवार को एक 16 वर्षीय किशोरी का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वार्ड पार्षद विजयपाल भगत की पुत्री सुशांति कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, सुशांति कुमारी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार को वह अपनी मां सुहानी भगत के साथ डूमरडीह जिलिंगा जतरा गई थी। देर रात दोनों घर लौट आए थे। इसके बाद सुशांति घर के समीप सो गई थी।

बताया गया कि शनिवार तड़के करीब पांच बजे वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश शुरू की गई।

इसी बीच गांव के कुछ लोग बगीचे में आम चुनने पहुंचे। वहां उनकी नजर आम के पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान सुशांति कुमारी के रूप में हुई। घटना की सूचना तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। एक किशोरी की असामयिक मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि पूरे सतपारा घटा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Read More News

त्योहार से पहले मंईयांओं को बड़ा तोहफा, इन 2 जिलों की महिलाओं के खाते में पहुंची सम्मान राशि

मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्योहारों के बीच झारखंड सरकार...

Read More