NEWS SAGA DESK
रामगढ़ :- जिले के गिद्दी सी परियोजना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने परियोजना से जुड़े पांच अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों पर एक साथ जांच अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ पहुंचीं और जांच प्रक्रिया शुरू की। जांच के दायरे में आए अधिकारियों और कर्मचारियों के क्वार्टरों में मौजूद दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। टीम आवश्यक अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को भी एकत्र कर रही है।
हालांकि सीबीआई ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है। मामले में कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही है।
जांच के दौरान संबंधित परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाहरी लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है ताकि जांच कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। सीबीआई अधिकारी पूरे मामले में गोपनीयता बनाए हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक जिन लोगों के यहां जांच की जा रही है, उनमें गिद्दी सी के मैनेजर रामाशीष राम, अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीसीएलकर्मी परशुराम चौधरी, शोभन चक्रवर्ती तथा एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे गिद्दी क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग जांच को लेकर विभिन्न तरह के कयास लगा रहे हैं। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और सीबीआई की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
No Comment! Be the first one.