News Saga Desk
रांची के पवित्र पहाड़ी मंदिर गेट के समीप एक गरीब दुकानदार के चूड़ी ठेले में आग लगा दिए जाने की घटना सामने आई है। पीड़ित दुकानदार उमेश केसरी ने आरोप लगाया है कि ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के आदी असामाजिक तत्वों ने उनके ठेले को निशाना बनाया, जिससे उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले भी मंदिर के आसपास चोरी और असामाजिक गतिविधियों की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिससे दुकानदारों और आसपास के लोगों में चिंता बढ़ी है।
घटना के बाद उमेश केसरी ने संबंधित थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय दुकानदारों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.