गोड्डा में SBI मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने 77 हजार के साथ दबोचा

News Saga Desk

गोड्डा :केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड के गोड्डा जिले के डुमरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई की इस कार्रवाई से बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

सीबीआई की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने इस मामले में 31 मई को प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी दिवंगत माता से संबंधित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये के बीमा दावे के भुगतान के एवज में शाखा प्रबंधक ने 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने पर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शाखा प्रबंधक ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, CBI की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके कार्यालय और अन्य संबंधित स्थानों की भी जांच की जा रही है।

तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किसी बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था या इस प्रकार की शिकायतें पहले भी उसके खिलाफ सामने आई थीं। सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार शाखा प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को मंगलवार को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उसकी रिमांड की मांग कर सकती है। मामले की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Read More News

नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की...

Read More