News Saga Desk
रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की कार्यप्रणाली के विरोध में लोक भवन का घेराव किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घेराव कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लोक भवन के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच नोकझोंक की स्थिति भी देखने को मिली।
बाद में सदर एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों को लोक भवन के सामने निर्धारित धरना स्थल पर भेजा गया। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर लोक भवन के नजदीक पहुंचने की कोशिश करते रहे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार पेपर लीक और परीक्षाओं के दोबारा आयोजन की घटनाओं ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव में डाल दिया है। इसके कारण छात्रों और उनके परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
गौरव सिंह ने कहा कि यदि केंद्र सरकार में नैतिकता बची है तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो युवा कांग्रेस झारखंड के सभी जिलों में भाजपा सांसदों और विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन करेगी।
वहीं, पूरे घटनाक्रम पर सदर एसडीओ ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग लगाई गई थी, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर लोक भवन के गेट तक पहुंच गए थे। प्रशासन ने उन्हें वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
No Comment! Be the first one.