NEWS SAGA DESK
रांची : झारखंड में हालिया बारिश के बाद मौसम एक बार फिर बदलने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं संथाल परगना और कोयलांचल क्षेत्र के कई जिलों में मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। विभाग के अनुसार जून के पहले सप्ताह के अंत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जून को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में फिर वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
दूसरी ओर देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा में फिलहाल बारिश के संकेत नहीं हैं। इन क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने से लोगों को अधिक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बोकारो में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं हजारीबाग और रामगढ़ में भी पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर-पश्चिम झारखंड के पलामू और गढ़वा जिलों में सबसे अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। चतरा और कोडरमा में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कोल्हान और संथाल परगना क्षेत्र में भी तापमान में वृद्धि देखने को मिल सकती है। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी सिंहभूम में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। देवघर, दुमका और धनबाद में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 5 जून तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जून के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। संभावित बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है और पारा 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.