NEWS SAGA DESK
रामगढ़ : एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बासल थाना क्षेत्र के सियारी टोला के पास हुए इस हादसे में दोनों युवक पूरी रात सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे, लेकिन अंधेरे और सुनसान इलाके के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार सौंदा डी निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ संदीप कुमार का मंगलवार को जन्मदिन था। वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ पतरातू डैम के पास एक होटल में जन्मदिन मनाने गया था। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारी टोला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में बाइक डिवाइडर पार कर सड़क से काफी दूर जा पहुंची और एक अर्धनिर्मित मकान की दीवार से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वे सड़क से करीब 100 फीट दूर पड़े रहे। रात का समय होने और आसपास किसी के मौजूद नहीं रहने के कारण उन्हें समय पर मदद नहीं मिल सकी। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। शवों की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। जन्मदिन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
घटना की खबर फैलते ही सौंदा डी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.