NEWS SAGA DESK
चंडीगढ़ : पंजाब के पांच प्रसिद्ध मंदिरों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच विस्फोट किए जाएंगे।
ई-मेल में अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसरखाना मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम लिया गया है। इसके साथ ही पंजाब सचिवालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। सभी संबंधित मंदिरों और सचिवालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस और साइबर सेल की टीमें ई-मेल की जांच में जुटी हैं। ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ई-मेल में 6 जून 1984 को श्री दरबार साहिब में हुई सैन्य कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बदले की बात लिखी गई है।
फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सतर्क रहने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.