News Saga Desk
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा हुआ. एक मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे अप लाइन पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित हुआ और रेल परिचालन ठप हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे ने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया. वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. रेलवे के हाजीपुर जोन को घटना की जानकारी दे दी गई है. टीआई अनिल कुमारी तिवारी और डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के प्रबंधक उमेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है.
दुर्घटना को लेकर रेलवे ने बुलेटिन जारी किया है और बताया है कि 15 बैगन पटरी से उतरी है. रांची सासाराम एक्सप्रेस और बरवाडीह डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार को रद्द कर दिया गया है. राजहरा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के पटरी उतरने के बाद कई ट्रेनों को डाइवर्ट और कैंसिल किया गया है.
- बरवाडीह डेहरी पैसेंजर 53357 को बरवाडीह, रांची चोपन एक्सप्रेस 18613 को बरवाडीह, गोमो चोपन पैसेंजर को टोरी रेलवे स्टेशन तक ही चलेगी
- हटिया आनंद विहार झारखंड एक्सप्रेस को बरकाकाना हजारीबाग गया गढ़वा के रास्ते चलाया जाएगा
- 20407 रांची नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को बरकाकाना गया दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते डाइवर्ट किया गया है
- पलामू एक्सप्रेस 13347 को बरकाकाना हजारीबाग कोडरमा गया के रास्ते डायवर्ट किया गया है
- 19607 कोलकाता मदर एक्सप्रेस को धनबाद गोमो गया के रास्ते चलाया जाएगा
- 18309 संबलपुर जम्मू तवी एक्सप्रेस को गोमो गया दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते चलाया जाएगा
- 11448 हावड़ा भोपाल शक्तिपुंज एक्सप्रेस को धनबाद गोमो गया गढ़वा के रास्ते डायवर्ट किया गया है
- सासाराम रांची एक्सप्रेस 18636 को रद्द कर दिया गया है
कोयले से लदी एक मालगाड़ी टोरी से मुगलसराय जा रही थी, तभी राजहरा रेलवे स्टेशन के पास 15 डिब्बे पटरी से उतर गए. मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद परिचालन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है. कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है, मालगाड़ियां और कई पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर रुकी हुई हैं.
गौरतलब हो कि रेलवे का यह इलाका सेंट्रल इंडस्ट्रियल कोर का हिस्सा है और धनबाद रेलवे डिवीजन के तहत आता है. मालगाड़ी के पटरी से उतरने से कई ट्रेनों का परिचालन रुक गया है. राजहरा रेलवे स्टेशन से रोजाना लगभग 100 से 110 पैसेंजर और मालगाड़ियां गुजरती हैं. इस स्टेशन से रोजाना लगभग तीन दर्जन पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं.
No Comment! Be the first one.