मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी विशेष अभियान

NEWS SAGA DESK

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर को भारतीय जनता पार्टी झारखंड समेत पूरे देश में विशेष अभियान के रूप में मनाने जा रही है।

प्रदेश भाजपा ने इस कार्यक्रम को “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” थीम के तहत आयोजित करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी को राज्य समन्वयक बनाया गया है। राष्ट्रीय महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी नितिन नवीन के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के मार्गदर्शन में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 जून 2026 को मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जो अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से परिपूर्ण रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक मंडल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 11 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू दुमका में और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रांची में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे।

इसके अलावा राज्य के विभिन्न मीडिया केंद्रों में प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 12 जून से 20 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 16, 17 और 18 जून को विभिन्न जिलों में सभागार बैठकों का आयोजन होगा। इसी अवधि में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी और प्राकृतिक खेती से संबंधित कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।

इधर, नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर भी प्रदेश भाजपा में उत्साह का माहौल है। प्रदेश कार्यालय में दिनभर विभिन्न बैठकों का दौर चला। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय नेता के दौरे को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

Read More News

खान सर कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट, फायरिंग का वीडियो आया सामने, गार्ड्स को पुलिस ने लिया हिरासत में

पटना के चर्चित कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित हमले का मामला अब नया मोड़...

Read More