News Saga desk
पथुम निसांका और कप्तान कुसल मेंडिस की शानदार पारियों के दम पर श्रीलंका ने पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 41 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 6 जून को किंग्सटन में खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कामिंदु मेंडिस 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद पथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की अहम साझेदारी की।
कुसल मेंडिस ने 62 गेंदों में 72 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि निसांका ने 102 गेंदों पर 79 रन बनाए। इसके अलावा चरिथ असलंका ने 45 रन और जनिथ लियानागे ने नाबाद 44 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 303 रन बनाए।
304 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। जस्टिन ग्रीव्स ने 45 और कप्तान शाई होप ने 56 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, मध्यक्रम में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 67 रन देकर 4 विकेट झटके। शाई होप और रोस्टन चेज (33) के विकेट लेकर उन्होंने वेस्टइंडीज की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। अंततः पूरी टीम 49.2 ओवर में 262 रन पर सिमट गई।
मैच के अंतिम चरण में फ्लडलाइट खराब होने के कारण खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। उस समय वेस्टइंडीज को 8 गेंदों में 43 रन चाहिए थे और उसके पास केवल एक विकेट बचा था। खेल दोबारा शुरू होने के बाद चरिथ असलंका ने आखिरी विकेट लेकर श्रीलंका की जीत सुनिश्चित कर दी। 72 रन की कप्तानी पारी खेलने वाले कुसल मेंडिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
No Comment! Be the first one.