News Saga Desk
रांची: देशभर में बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक की घटनाओं, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और सिस्टम की बदहाली को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने राजधानी रांची के बापू वाटिका के समक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी प्रतिनिधियों ने कहा कि युवाओं से जुड़े इन गंभीर मुद्दों को देखते हुए कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना की गई है। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे देश के करोड़ों युवा प्रभावित हो रहे हैं।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि बेहद कम समय में सोशल मीडिया पर उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला है और उनके साथ करोड़ों लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब संगठन केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर जन आंदोलनों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी की समस्या के समाधान और शासन-प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आने वाले दिनों में चरणबद्ध आंदोलन चलाए जाएंगे। इसके तहत विभिन्न राज्यों में जागरूकता अभियान, प्रदर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इस दौरान पार्टी ने देशभर के युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने की अपील की।
No Comment! Be the first one.