नेहरू और मोदी की तुलना नहीं, यह सिर्फ रिकॉर्ड का मामला है : देवेंद्र फडणवीस

NEWS SAGA DESK

मुंबई :- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच किसी प्रकार की तुलना या प्रतिस्पर्धा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे समय तक रहने के रिकॉर्ड से जुड़ा विषय है।

मुंबई के वाय. बी. चव्हाण सेंटर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के 27वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान वरिष्ठ नेता शरद पवार ने कहा था कि नेहरू और मोदी की तुलना नहीं की जा सकती। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि निर्वाचित प्रधानमंत्रियों में नेहरू 4,398 दिनों तक पद पर रहे थे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी 4,399 दिन पूरे कर चुके हैं और आगे भी इस पद पर बने रहेंगे।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसी अन्य प्रकार की तुलना का सवाल ही नहीं उठता। फडणवीस ने कहा कि नेहरू ने अपने समय में जो कार्य किए, उन्हें देश जानता है और प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले एक दशक में जो काम किए हैं, वे भी सभी के सामने हैं। उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए तुलना की आवश्यकता नहीं है।

शरद पवार के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पूरा भाषण नहीं सुना है, इसलिए उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। हालांकि उन्होंने कहा कि सिख समुदाय पर कांग्रेस शासनकाल में हुए अत्याचारों की उनकी पार्टी हमेशा निंदा करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार ने हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 के सूखे के दौरान महाराष्ट्र को विशेष सहायता दी गई थी। इसके अलावा विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र की कई सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने में भी केंद्र सरकार ने सहयोग किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित नेता हैं।

कांग्रेस की बैठकों और राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि पिछले दस वर्षों से यह दावा किया जाता रहा है कि मोदी सरकार एक वर्ष में चली जाएगी, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और राजनीतिक सफलताएं हासिल कर रहे हैं। ऐसे दावों को गंभीरता से लेने का कोई कारण नहीं है।

Read More News

जनता दरबार में दिखी मानवीय संवेदना, डीसी ने दिव्यांग युवक की समस्या का किया तत्काल समाधान

जामताड़ा समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की एक...

Read More