रांची के गर्ल्स लॉज में करंट लगने से छात्रा की मौत

NEWS SAGA DESK

रांची :- राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लोहार कोचा के ‘आयशा गर्ल्स लॉज’ में करंट लगने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। करंट का तेज झटका लगने के बाद छात्रा छत से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका पश्चिम बंगाल के आसनसोल की रहने वाली थी और रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह आयशा गर्ल्स लॉज में रहती थी। बताया जा रहा है कि छात्रा हॉस्टल की छत पर मौजूद थी, तभी वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट का झटका इतना तेज था कि छात्रा संतुलन खो बैठी और छत से नीचे गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों और हॉस्टल प्रबंधन की मदद से छात्रा को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हॉस्टल परिसर में बिजली के खुले तार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही के बिंदुओं की भी जांच होगी। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

लालपुर थाना पुलिस ने कहा है कि जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, देवघर पहुंची गुजरात पुलिस; संदिग्ध युवक हिरासत में

BRICS सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में गुजरात पुलिस देवघर पहुंची।...

Read More