कोलकाता के तारातल्ला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम का शेड ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। 50-60 मजदूर मौके पर मौजूद थे। सेना, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
News Saga Desk
कोलकाता के तारातल्ला इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन गोदाम का विशाल शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय वहां करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। देखते ही देखते पूरा ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया और दर्जनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मलबे से अब तक कई मजदूरों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। भारी लोहे के बीम और कंक्रीट के मलबे को हटाने के लिए क्रेन और गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोदाम में निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक पूरा ढांचा ढह गया। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु भी घटना स्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया। राज्य सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए नवान्न में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070, 033-22143526 और 033-22535185 जारी किए गए हैं।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हाल में हुई भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन ढांचा कमजोर हो गया था। हालांकि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही की संभावना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, जबकि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
No Comment! Be the first one.