राइस मिल में विषैली गैस की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

NEWS SAGA DESK

संभल :- जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में विषैली गैस की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात उस समय हुआ, जब मिल परिसर में मक्का की नमी सुखाने का कार्य किया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र की एसआर राइस मिल में रात करीब 2:30 बजे एक कर्मी टैंक (चैंबर) के भीतर उतरा था। इसी दौरान वह विषैली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दूसरा कर्मी भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी गैस के प्रभाव से अचेत होकर वहीं गिर पड़ा।

दोनों कर्मियों को बेहोश देख अन्य कर्मचारी उन्हें बचाने का साहस नहीं जुटा सके और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बहजोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक दोनों कर्मियों को टैंक से बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान विजय और ओमपाल के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद जिले के मूड़ापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम संभाराम सहाय के निवासी थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिल प्रबंधन द्वारा मृतकों के परिजनों से संपर्क कर बातचीत की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने तथा नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Read More News

Read More