Breaking : राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार, लेवी वसूली की साजिश नाकाम

Rahul Dubey Gang Encounter में हजारीबाग पुलिस ने केरेडारी में मुठभेड़ के बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। एक घायल हुआ, हथियार बरामद, लेवी वसूली की साजिश नाकाम।

News Saga Desk

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गैंग से जुड़े दो संदिग्ध अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। केरेडारी थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों खनन क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना के साथ पहुंचे थे और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुकरु गांव और चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के आसपास बाइक सवार कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही केरेडारी थाना और पगार ओपी की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बाइक पर पड़ी। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो दोनों आरोपी बाइक मोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।

Rahul Dubey Gang Encounter

मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान आरोपियों ने हथियार फेंककर बचने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे भी बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों लगातार अपनी पहचान छिपाने और नाम बदलकर बताने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक इतिहास और राहुल दुबे गैंग से उनके संबंधों की जांच में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी खनन क्षेत्र में लेवी वसूली के इरादे से पहुंचे थे। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
इसे भी देखे- Ranchi BJP Office Gherao: कांग्रेस के मार्च से पहले BJP अलर्ट, कार्यालय बना किला | पुलिस बल

केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर लेवी वसूली नेटवर्क और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। खनन क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच इस कार्रवाई को पुलिस की अहम सफलता माना जा रहा है।

Read More News

Read More