NEWS SAGA DESK
Sant Ravidas Jayanti पर भाजपा 29 जुलाई से ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालेगी। बाबूलाल मरांडी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट, पेपर लीक और JPSC मुद्दे पर भी बड़ा बयान दिया।

भारतीय जनता पार्टी देशभर में सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने के लिए ‘समरसता संकल्प यात्रा’ निकालेगी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को पलामू परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू होने वाली यह यात्रा 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रारंभ होगी और 20 फरवरी 2027 को संपन्न होगी।
मरांडी ने कहा कि Sant Ravidas Jayanti के अवसर पर आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता और सद्भाव के संदेश को देश के हर वर्ग तक पहुंचाना है।
झारखंड पहुंचेगा यात्रा का कलश
बाबूलाल मरांडी ने बताया कि यात्रा के दौरान एक विशेष कलश झारखंड भी पहुंचेगा। यह सबसे पहले गढ़वा पहुंचेगा, जहां नगर मंदिर में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यह कलश पलामू, लातेहार, रांची और राज्य के अन्य जिलों का भ्रमण करेगा।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से संत रविदास के सामाजिक समता, भाईचारे और समरसता के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास करेंगे।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले मरांडी
पत्रकार वार्ता के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देशहित में उठाया गया कदम है।
मरांडी के अनुसार, देशभर के छात्र लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे और इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन भी चल रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया।
Sant Ravidas Jayanti कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ मरांडी ने नीट परीक्षा और पेपर लीक के मामलों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की आत्महत्या बेहद दुखद है और ऐसी घटनाएं पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई का बढ़ता दबाव और प्रतियोगी परीक्षाओं का तनाव कई छात्रों को मानसिक रूप से प्रभावित कर रहा है। साथ ही उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विपक्ष से भी सार्थक सुझाव चाहते हैं।
मरांडी के अनुसार, केवल आंदोलन करने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना आवश्यक है।
JPSC और CGL परीक्षाओं पर भी रखी राय
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने कहा कि वह किसी भी निष्पक्ष जांच का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल नीट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि झारखंड की JPSC और CGL परीक्षाओं में भी पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इसे भी देखें:-देवघर श्रावणी मेला 2026: कांवरियों के लिए 24×7 मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था #devghar
पत्रकार वार्ता में डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, पांकी के विधायक शशिभूषण मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पूर्व सांसद मनोज भुइयां, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडे, वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, शिवकुमार मिश्रा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि Sant Ravidas Jayanti के अवसर पर आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक एकता और समरसता का संदेश लेकर देशभर में पहुंचेगी। वहीं शिक्षा, परीक्षा प्रणाली और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर भी पार्टी अपनी बात जनता के बीच रखेगी।
No Comment! Be the first one.