रामगढ़ के सांडी में डीजे मुकाबला देखने के दौरान जर्जर मकान का छज्जा टूट गया। हादसे में 10-12 युवक घायल हुए, एक की हालत गंभीर बताई गई।
झारखंड के रामगढ़ जिले में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर आयोजित डीजे मुकाबले के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रजरप्पा-सांडी मार्ग पर सांडी स्थित कन्या मध्य विद्यालय मायल के पास डीजे प्रतियोगिता देखने के लिए एक पुराने और जर्जर मकान के छज्जे पर क्षमता से अधिक युवक चढ़ गए। अचानक अधिक भार के कारण छज्जा टूटकर नीचे गिर गया। इस हादसे में करीब 10 से 12 युवक नीचे आ गिरे और घायल हो गए। रामगढ़ में डीजे मुकाबले के दौरान हुआ यह हादसा इतना अचानक था कि कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि घटना में किसी की मौत नहीं हुई। हालांकि, एक युवक के पैर में गंभीर चोट आने की सूचना है। उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
डीजे मुकाबला देखने के लिए जुटी थी हजारों की भीड़
सांडी स्थित राज बल्लभ प्लस टू हाई स्कूल मैदान में सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर डीजे प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें ‘डीजे अंकित पेटरवार’ और ‘डीजे सोनाक्षी गोला’ के बीच मुकाबला रखा गया था।
कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और स्थानीय लोग पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के कारण रजरप्पा मोड़-सांडी मार्ग पर भी काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों और लोगों की भीड़ के कारण लंबा जाम लग गया।
मैदान के आसपास डीजे मुकाबला देखने के लिए जगह कम पड़ने लगी तो कई लोग आसपास की इमारतों की छतों और छज्जों पर चढ़ गए। इसी दौरान कुछ युवक सड़क किनारे मौजूद पुराने मकान के छज्जे पर भी जा पहुंचे।
क्षमता से अधिक भार पड़ा तो टूट गया छज्जा
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, जर्जर मकान के छज्जे पर एक साथ काफी संख्या में युवक खड़े हो गए थे। पहले से कमजोर ढांचे पर अचानक अधिक भार पड़ने के कारण छज्जा टूटकर नीचे गिर गया।
इसे भी देखें...रांची में JSSC छात्रा का बड़ा आरोप! JMM महानगर अध्यक्ष समेत 8 पर शिकायत | छेड़खानी-मारपीट का आरोप
छज्जे के टूटते ही उस पर खड़े करीब 10 से 12 युवक नीचे आ गिरे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के लोगों और आयोजकों ने घायलों को संभाला और इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की।
घटना में एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों को भी चोटें लगने की जानकारी है। राहत की बात यह रही कि जर्जर निर्माण का हिस्सा गिरने के बावजूद कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
No Comment! Be the first one.