रांची में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

NEWS SAGA DESK

रांची के एचईसी बाईपास रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। सड़क जाम के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

रांची के एचईसी बाईपास रोड पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची जिला प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ सड़क जाम कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी।

रांची के एचईसी बाईपास

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के कारण बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जाम का असर आसपास के मार्गों पर भी देखने को मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

जेसीबी लेकर पहुंची प्रशासन की टीम

जानकारी के अनुसार, बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के पास बाईपास रोड के किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन की टीम पहुंची थी। टीम अपने साथ जेसीबी समेत अन्य संसाधन लेकर आयी थी। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये।

स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ बढ़ती चली गयी। लोगों ने सड़क पर आकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और कार्रवाई रोकने की मांग की। विरोध कर रहे लोगों ने बिरसा चौक से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बिरसा चौक-हरमू जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

इसका असर डीपीएस स्कूल के पास पेट्रोल पंप के समीप भी देखने को मिला। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सड़क जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते नजर आये।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

मौके पर भीड़ बढ़ने और सड़क जाम के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को सड़क से हटाने की कोशिश की। स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

लाठीचार्ज के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

Read More News

Read More