अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के निर्माता प्रकाश महोबिया ने रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की टीम पर नकारात्मक प्रचार कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का ऐलान किया।
बॉलीवुड में रणबीर कपूर स्टारर और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य फिल्म ‘रामायण’ अपनी रिलीज से पहले ही सुर्खियों और विवादों में आ गई है। हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के निर्माता प्रकाश महोबिया ने आरोप लगाया है कि उनकी फिल्म के खिलाफ एक सोची-समझी रणनीति के तहत लगातार नकारात्मक मार्केटिंग (Negative Marketing) की गई। उनका दावा है कि इस दुष्प्रचार के कारण ही उनकी फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों तक पहुंचने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल सका।

यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए नेगेटिव कैंपेन का दावा मीडिया से बातचीत के दौरान निर्माता प्रकाश महोबिया ने कहा कि उनकी फिल्म के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक सुनियोजित अभियान चलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से फिल्म को लेकर गलत जानकारियां फैलाई गईं और लोगों से सिनेमाघरों में इसे न देखने की अपील तक की गई।
निर्माता का कहना है कि बिना फिल्म देखे उसके बारे में नकारात्मक राय बनाना पूरी तरह से अनुचित है। जिन दर्शकों ने भी सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखी, उन्होंने इसकी कहानी और प्रस्तुतिकरण की खुले दिल से सराहना की है।
‘रामायण’ की टीम पर शक, लेकिन सीधे नाम से परहेज जब प्रकाश महोबिया से सवाल किया गया कि क्या वह रणबीर कपूर अभिनीत ‘रामायण’ के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की टीम पर इस कथित नेगेटिव कैंपेन को चलाने का आरोप लगा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की पक्की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें उद्योग के सूत्रों से ऐसा ही बताया गया है।
दोबारा बड़े पर्दे पर रिलीज करने की योजना 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। इस फिल्म में अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। शुरुआती दौर में नकारात्मक प्रचार के कारण प्रभावित हुए व्यापार के बाद अब निर्माता प्रकाश महोबिया ने फिल्म को एक बार फिर से सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज (Re-release) करने की योजना बनाई है, ताकि दर्शक बिना किसी पूर्वग्रह के इसका आनंद ले सकें।
No Comment! Be the first one.