अमेरिका के फ्लोरिडा में एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा सामने आया है। बहामास जा रहा नौ लोगों से भरा एक बिजनेस जेट अचानक आसमान से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही आग की लपटों में घिर गया।
NEWS SAGA DESK
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा सामने आया है। बहामास जा रहा नौ लोगों से भरा एक बिजनेस जेट अचानक आसमान से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही आग की लपटों में घिर गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास मौजूद लोगों को लगा जैसे कोई मिसाइल आकर गिरी हो। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहे कई लोगों ने इस खौफनाक मंजर को अपने कैमरों में कैद कर लिया।
35 हजार फीट की ऊंचाई पर बिगड़े हालात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था। यह फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस इलाके में क्रैश हुआ। विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान खराब मौसम, तेज टर्बुलेंस और विमान पर बर्फ जमने जैसी समस्याएं सामने आईं। कुछ ही समय में विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आने लगा।
पायलट की आखिरी पुकार- ‘मेडे, मेडे’
हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ पायलट की बातचीत भी सामने आई है। शुरुआत में पायलट ने विमान पर बर्फ जमने और तेज टर्बुलेंस की जानकारी दी थी। मौसम की स्थिति बिगड़ने पर उसने 2,000 फीट अधिक ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी। लेकिन हालात लगातार खराब होते गए। आखिरकार पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए ‘मेडे, मेडे’ का संदेश दिया। उसने बताया कि विमान करीब 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहा है। कुछ ही देर में गिरने की रफ्तार बढ़कर 20 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।पायलट ने आखिरी संदेश में कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है। इसके कुछ ही पलों बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सड़क पर बना गहरा गड्ढा, 600 लोगों को सुरक्षित निकाला
विमान के जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटनास्थल पर काले धुएं का घना गुबार फैल गया। टक्कर के कारण सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, जमीन पर मौजूद लोगों के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने भी स्थिति पर जानकारी दी। एहतियात के तौर पर आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इलाके की सड़क पर यातायात भी बंद कर दिया गया।
No Comment! Be the first one.