कल देवघर पहुंचेंगे CJI सूर्यकांत, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक की तैयारी पूरी

झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर में कल देश के मुख्य न्यायाधीश यानी CJI न्यायमूर्ति सूर्यकांत का आगमन होने जा रहा है। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है

NEWS SAGA DESK

झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर में कल देश के मुख्य न्यायाधीश यानी CJI न्यायमूर्ति सूर्यकांत का आगमन होने जा रहा है। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश दोपहर बाद देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे बाबा बैद्यनाथ धाम जाएंगे और बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।

DC-SP ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

CJI के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने व्यवहार न्यायालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और आपसी तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्य न्यायाधीश के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बलों की तैनाती, सुरक्षा इंतजाम और यातायात नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही CJI के काफिले के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम लोगों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Read More News

Read More