मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब की चेकिंग के दौरान आयशर ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
News Saga Desk
मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक आयशर ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इसके बाद खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने संदिग्ध आयशर ट्रक को रुकवाया और चालक को नीचे उतरने के लिए कहा।
आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाते हुए आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घंटे तक चला इलाज, डॉक्टर नहीं बचा सके जान
घटना के तुरंत बाद घायल थाना प्रभारी को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी जान बचाने के लिए करीब दो घंटे तक सीपीआर समेत अन्य जरूरी उपचार किए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वहीं, घटना के बाद आयशर ट्रक चालक संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर देवास के एसपी आदित्य मिश्रा रात करीब साढ़े तीन बजे खातेगांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और ट्रक से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता के मुताबिक, आयशर ट्रक में शराब भरी हुई थी और इसे गुजरात ले जाया जा रहा था। हालांकि, ट्रक में शराब की कुल कितनी मात्रा थी, इसकी गिनती अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
जहरीली शराब के खिलाफ मध्य प्रदेश में अभियान तेज
गौरतलब है कि सागर में जहरीली शराब पीने से 40 लोगों की मौत के बाद मध्य प्रदेश में नकली और जहरीली शराब के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों, शहरों और ग्रामीण इलाकों में लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।
इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग अब तक हजारों लीटर शराब बरामद कर चुके हैं। इसी अभियान के तहत खातेगांव में भी अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर चेकिंग की जा रही थी। लेकिन इस कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। अब पुलिस फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
No Comment! Be the first one.