राजस्थान में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए 8 मजदूरों की मौत

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली में सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

News Saga Desk

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के छापोली में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत की सूचना है। हादसा उस वक्त हुआ, जब सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान सड़क बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई।

मशीन के बिजली लाइन के संपर्क में आते ही वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए। शुरुआती सूचना के मुताबिक, इस हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।

घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य और हादसे की परिस्थितियों का जायजा लिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत ने जताया दुख

झुंझुनूं के छापोली में हुए इस दर्दनाक हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घटना की जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मामले की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना ने सड़क निर्माण कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा और हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More News

Read More