निशा भगत मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की गिरफ्तारी की मांग, रांची में लगेगी प्रतिमा

NEWS SAGA DESK

केंद्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची में प्रेस वार्ता कर निशा भगत की मौत की सीबीआई जांच और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

दिनांक 8 नवंबर 2026 को रांची के चाढ़री सरना समिति सामुदायिक भवन में केंद्रीय सरना समिति, जनजातीय सुरक्षा मंच, क्षेत्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों की एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से स्वर्गीय निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया है।

प्रेस वार्ता में निशा कुमारी भगत के पिता हांदु भगत और आदिवासी संगठनों ने आरोप लगाया कि निशा ने अपने वीडियो लाइव में जिन लोगों के नाम लिए थे, और पिठोरिया थाना में दर्ज एफआईआर के आधार पर अजय तिर्की (केंद्रीय सरना समिति, पहाड़ी मंदिर, रांची) तथा ज्योत्सना केरकेट्टा (रांची) की अभिलंब गिरफ्तारी की जानी चाहिए। साथ ही, मामले में लापरवाही बरतने वाले पिठोरिया थाना प्रभारी को भी दोषी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

आत्महत्या नहीं, सुनियोजित हत्या: बबलू मुंडा

केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बब्लू मुंडा ने कड़े शब्दों में कहा कि आदिवासी नेत्री निशा भगत लगातार अपने धर्म, समाज, संस्कृति की रक्षा और भू-माफियाओं तथा सरकारी तंत्र के खिलाफ आवाज उठा रही थीं। कुछ लोगों को उनका यह मुखर होना रास नहीं आया, जिसके चलते उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया गया और उनका चरित्र हनन किया गया।

बबलू मुंडा ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए सीधे तौर पर सुनियोजित हत्या करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यथाशीघ्र सभी नामजद व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आदिवासी समाज की ओर से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा—सबसे पहले पिठोरिया थाना का घेराव, उसके बाद रांची बंद, और फिर झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने यह भी अफसोस जताया कि इससे पहले सूर्य हांसदा, रूपा तिर्की, प्रेम सागर मुंडा, रुबिका पहाड़िया, लक्ष्मीकांत मुंडा, संध्या टोपनो और पाड़ा राजा सोमा मुंडा जैसी घटनाओं में भी आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो बेहद दुखद है।

रांची में स्थापित होगी आदमकद प्रतिमा

जनजातीय सुरक्षा मंच के संदीप उरांव ने कहा कि निशा कुमारी भगत का जाना पूरे आदिवासी समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी स्मृतियों और संघर्षों को जीवंत रखने के लिए आदिवासी संगठनों द्वारा रांची में निशा भगत की आदमकद मूर्ति स्थापित की जाएगी, ताकि यह आने वाली युवा पीढ़ी और युवतियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन सके।

झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति (धुर्वा, रांची) के अध्यक्ष मेघा उरांव ने चेताया कि जो लोग निशा भगत की मृत्यु पर उपहास उड़ा रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। समाज ने संकल्प लिया है कि दमन से आवाज दबेगी नहीं, बल्कि एक निशा के जाने पर समाज से सैकड़ों निशा भगत खड़ी होंगी।

केन्द्रीय सरना समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब से हेमंत सरकार सत्ता में आई है, तब तक आदिवासियों पर अत्याचार, हत्या और मामलों में वृद्धि देखी गई है।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से उपस्थित लोग

इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, प्रधान महासचिव अशोक मुंडा, संदीप उरांव, सोमा उरांव, मेघा उरांव, सनी उरांव, करमा तिग्गा, गुरुचरण मुंडा, विक्रम उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रेस विज्ञप्ति के अंत में बबलू मुंडा और अशोक मुंडा ने संयुक्त रूप से न्याय की इस लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया है।

Read More News

निशा भगत मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की गिरफ्तारी की मांग, रांची में लगेगी प्रतिमा

केंद्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची में प्रेस वार्ता कर निशा भगत की मौत की...

Read More