यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू। कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची सौंपी और 60 कैटेगरी A सीटों पर दावेदारी जताई।
News Saga Desk
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर बातचीत शुरू हुई। इस दौरान कांग्रेस ने कम से कम 60 ‘कैटेगरी A’ सीटों पर चुनाव लड़ने की मजबूत दावेदारी पेश की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इन सीटों को लेकर बड़ा समझौता करने के पक्ष में नहीं है।
कांग्रेस ने सपा को सौंपी 181 सीटों की सूची
सीट बंटवारे पर चर्चा शुरू होने से पहले दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडलों ने अलग-अलग आंतरिक बैठकें कीं। कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को कुल 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी गई है। इन सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।
कांग्रेस कम से कम 60 कैटेगरी A सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन सीटों पर समझौते की संभावना बेहद कम है। हालांकि, कैटेगरी B की सीटों पर कुछ बदलाव किए जा सकते हैं, जबकि कैटेगरी C और D की सीटों को लेकर कांग्रेस बातचीत के लिए तैयार है।
अखिलेश यादव ने बनाई चार सदस्यीय कमेटी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी से सांसद राजीव राय और कैराना से सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है।
यह कमेटी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत कर रही है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की जिम्मेदारी इसी टीम को सौंपी गई है।
कांग्रेस की ओर से ये नेता कर रहे बातचीत
कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा कर रही हैं। उनके साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद भी बातचीत में शामिल बताए गए हैं।
कांग्रेस गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुल सीटों की संख्या को लेकर लचीला रुख अपनाया जा सकता है, लेकिन मजबूत मानी जा रही सीटों पर दावेदारी छोड़ना आसान नहीं होगा।
भाजपा को हराने के लिए साझा रणनीति
सपा और कांग्रेस दोनों का प्रमुख लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देना है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए जरूरी समझौते पर विचार किया जा सकता है।
दोनों दलों के बीच बातचीत मंगलवार तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि, सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला तय करने के लिए कई दौर की बैठकों की जरूरत पड़ सकती है। अब राजनीतिक हलकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस की 60 प्रमुख सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी क्या रुख अपनाती है।
No Comment! Be the first one.