राजधानी रांची में अब मांस की कटाई और बिक्री का तरीका बदलने वाला है। शहर के मीट दुकानदार अब अपनी दुकानों पर मनमाने तरीके से बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई नहीं कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें कांके स्थित स्लॉटर हाउस जाना होगा।
NEWS SAGA DESK
राजधानी रांची में अब मांस की कटाई और बिक्री का तरीका बदलने वाला है। शहर के मीट दुकानदार अब अपनी दुकानों पर मनमाने तरीके से बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई नहीं कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें कांके स्थित स्लॉटर हाउस जाना होगा। रांची नगर निगम 5 दिसंबर से इस नई व्यवस्था का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी में है। निगम का दावा है कि इससे खुले और अस्वच्छ तरीके से मांस काटने पर रोक लगेगी।
दरअसल, शहर में मांस की कटाई को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने कांके स्थित स्लॉटर हाउस को दोबारा शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए परिसर में साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। स्लॉटर हाउस चालू होने के बाद सभी मांस दुकानदारों को निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत यहीं पशुओं की कटाई करानी होगी।
इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत है स्लॉटर हाउस की क्षमता। यहां प्रतिदिन करीब एक हजार बकरा, बकरी और भेड़ काटने की व्यवस्था है। यानी शहर में मांस की मांग को पूरा करने के साथ-साथ कटाई की प्रक्रिया को भी एक निर्धारित स्थान पर संचालित किया जा सकेगा।
नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से मांस की कटाई और आपूर्ति में स्वच्छता के मानकों का बेहतर तरीके से पालन होगा। साथ ही सड़कों और दुकानों पर खुले में मांस काटने जैसी गतिविधियों पर भी लगाम लगेगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि दुकानदार नियमों का पालन करें।
फिलहाल नगर निगम 5 दिसंबर से ट्रायल शुरू करने की तैयारी में जुटा है। ऐसे में आने वाले दिनों में रांची के मीट कारोबार का पूरा सिस्टम बदल सकता है। अब देखना होगा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर में मांस की कटाई और बिक्री कितनी व्यवस्थित और स्वच्छ हो पाती है।
No Comment! Be the first one.