कार्तिक पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर सुल्तानगंज के बाबा अजगैबीनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान, जलाभिषेक और दीपदान किया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।

News Saga Desk

भागलपुर: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को सुल्तानगंज स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा अजगैबीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बिहार, झारखंड और नेपाल से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने बाबा अजगैबीनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सोमवार की रात से ही श्रद्धालुओं का सुल्तानगंज पहुंचना शुरू हो गया था। मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से नमामि गंगे घाट और सीढ़ी घाट पर स्नान के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन और विधि-विधान से दीपदान किया। इस दौरान पूरा धाम क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की तिथि सोमवार रात 11:13 बजे प्रारंभ हुई, जो मंगलवार रात 9:21 बजे तक रहेगी। मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरि ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान, दान और दीपदान करने से पूरे कार्तिक माह के स्नान के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है।

मंदिर के पुरोहित लाल मोरिया पांडा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। इस अवसर पर भगवान शिव और विष्णु की संयुक्त आराधना का विशेष महत्व है। गंगा तट पर दीपदान करने से पितरों की आत्मा को शांति मिलने की मान्यता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया। मेला क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई।

Read More News

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में पहुंचे जेल के पुराने साथी, हथियारों को लेकर किया बड़ा दावा

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में पहुंचे जेल के पुराने साथी ने 10 राइफल...

रांची रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों के लिए डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली जल्द शुरू होगी

झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन पर सुनने में अक्षम यात्रियों के लिए दिसंबर के अंत तक डिजिटल सांकेतिक...

Read More