पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांगते की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने सरकार से नाराजगी जताई। नौ दिसंबर तक जवाब तलब, 16 दिसंबर को अगली सुनवाई।
News Saga Desk
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने बिना निर्देश के काउंटर एफिडेविट दाखिल करने पर आपत्ति जताते हुए उसमें दी गई जानकारी को भी असंतोषजनक बताया।
राज्य सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकारी वकील से पूछा कि आखिर इस मामले में जवाब दाखिल करने को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई। अदालत ने कहा कि सामान्यतः अन्य मामलों में न्यायालय के निर्देश के बाद ही राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल किया जाता है। ऐसे में इस मामले में बिना निर्देश के काउंटर एफिडेविट दाखिल करने की आवश्यकता क्यों पड़ी?
अदालत ने सरकार की ओर से दाखिल जवाब की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
जमानत के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला
एल खियांगते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने जमानत देने का आग्रह करते हुए सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला दिया। साथ ही विभिन्न कानूनी बिंदुओं के आधार पर पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष को जमानत देने का अनुरोध किया।
अदालत ने याचिकाकर्ता और राज्य सरकार, दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। इसके बाद सरकार को याचिकाकर्ता की ओर से उठाए गए कानूनी बिंदुओं पर स्पष्ट और विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
नौ दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए नौ दिसंबर तक का समय दिया है। वहीं, मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
अगली सुनवाई में सरकार के जवाब और याचिकाकर्ता की ओर से प्रस्तुत कानूनी तर्कों पर विचार किया जाएगा। फिलहाल एल खियांगते की जमानत याचिका पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
No Comment! Be the first one.