महिला शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है,अब उन्हें छुट्टी लेने के लिए CL और SL के बीच उलझना नहीं पड़ेगा। अगर किसी महिला शिक्षक को लगातार कई दिनों तक छुट्टी की जरूरत है, तो वे आकस्मिक अवकाश यानी CL के साथ विशेष आकस्मिक अवकाश यानी SL भी लगातार ले सकेंगी।
NEWS SAGA DESK
महिला शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है, अब उन्हें छुट्टी लेने के लिए CL और SL के बीच उलझना नहीं पड़ेगा। अगर किसी महिला शिक्षक को लगातार कई दिनों तक छुट्टी की जरूरत है, तो वे आकस्मिक अवकाश यानी CL के साथ विशेष आकस्मिक अवकाश यानी SL भी लगातार ले सकेंगी। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर लंबे समय से बने असमंजस को दूर करते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है।
दरअसल, महिला शिक्षकों को हर महीने दो दिनों का विशेष आकस्मिक अवकाश यानी SL देने का प्रावधान है। इसके अलावा उन्हें नियमानुसार सामान्य आकस्मिक अवकाश यानी CL भी मिलता है। लेकिन परेशानी तब खड़ी हो रही थी, जब महिला शिक्षक दोनों तरह की छुट्टियां लगातार लेना चाहती थीं।
कई महिला शिक्षकों का कहना था कि CL लेने के बाद जब वे उसके साथ लगातार SL की मांग करती थीं, तो स्कूलों में उनकी छुट्टी मंजूर नहीं की जाती थी। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में पहले से स्वीकृत छुट्टियां भी रद्द कर दी जाती थीं। इसकी वजह से महिला शिक्षकों को अपनी पारिवारिक और व्यक्तिगत जरूरतों के हिसाब से छुट्टी लेने में काफी परेशानी हो रही थी।
लगातार सामने आ रही इन शिकायतों के बाद मामला शिक्षा विभाग के ग्रीवांस सेल तक पहुंचा। महिला शिक्षकों ने आवेदन देकर मांग की कि CL और SL को लगातार लेने के मामले में विभाग स्पष्ट निर्देश जारी करे, ताकि स्कूल स्तर पर छुट्टी को लेकर मनमानी और असमंजस की स्थिति खत्म हो सके। शिकायतों पर विचार करने के बाद शिक्षा विभाग ने अपना स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। इसके तहत अब महिला शिक्षकों को CL के साथ SL लगातार लेने में आपत्ति नहीं होनी चाहिए। यानी दोनों तरह के अवकाश को जोड़कर छुट्टी लेने की सुविधा को लेकर स्थिति साफ कर दी गई है।
इस स्पष्टीकरण से उन महिला शिक्षकों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी, जिन्हें बच्चों की देखभाल, पारिवारिक जिम्मेदारियों या किसी जरूरी व्यक्तिगत काम के लिए लगातार छुट्टी की आवश्यकता होती है।अब छुट्टी के लिए अलग-अलग दिनों में आवेदन करने या CL और SL के बीच उलझने की परेशानी कम होगी। कुल मिलाकर, शिक्षा विभाग के इस स्पष्टीकरण से महिला शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.