झारखंड के जमशेदपुर में 396 करोड़ रुपये की लागत से बने नये एमजीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखे 18 वर्षीय युवक के शव को चूहों द्वारा कुतरने और दोनों आंखें गायब होने का मामला सामने आया है। परिजनों के हंगामे के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पढ़ें पूरी खबर।
जमशेदपुर: शहर के डिमना स्थित 396 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital) की मोर्चरी में शवों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां रखे एक 18 वर्षीय युवक के शव को चूहों द्वारा कुतरने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह शव लेने पहुंचे परिजनों ने मृतक की दोनों आंखें गायब होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है।
आदित्यपुर के राजू प्रमाणिक का शव मोर्चरी में रखा गया था मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलाइडीह बस्ती निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को घर में फांसी लगाने के बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था और गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से एमजीएम रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात होने के कारण शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने पहुंचे, तो उन्होंने आरोप लगाया कि शव की दोनों आंखें गायब थीं और चेहरे के कई हिस्सों को चूहों ने कुतर दिया था।
अस्पताल प्रबंधन का तर्क- पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी स्थिति हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से तर्क दिया गया कि मृत्यु के पश्चात शरीर में होने वाले स्वाभाविक बदलावों के कारण भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, प्रबंधन का कहना है कि शव के साथ वास्तव में क्या हुआ, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एमजीएम अस्पताल में पहले भी कई बार उठ चुके हैं ऐसे गंभीर सवाल गौरतलब है कि जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में शवों की बेकद्री और चूहों के आतंक का यह कोई पहला मामला नहीं है। पुराने भवन से लेकर नये अस्पताल तक ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है:
- 2018 (चार महीने में दो घटनाएं): पुराने एमजीएम अस्पताल (साकची) में सितंबर 2018 के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का शव इमरजेंसी वार्ड के शौचालय के पास करीब 10 घंटे तक पड़ा रहा और चूहों ने उसके चेहरे को कुतर दिया। इसके बाद दिसंबर 2018 में 39 वर्षीय चंद्रशेखर शर्मा के शव की उंगलियों को चूहों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था।
- अप्रैल 2023: एमजीएम अस्पताल परिसर के दाल-भात केंद्र के समीप पड़े एक अज्ञात व्यक्ति के शव को आवारा कुत्ता कुतरता मिला था और शव को मोर्चरी पहुंचाने में करीब पांच घंटे लग गए थे।
- अप्रैल 2024: 11 अप्रैल 2024 को मोर्चरी में रखे मानगो के दाइगुट्टू निवासी 45 वर्षीय श्याम सिंह के शव के पैर की उंगलियों और निजी अंग को चूहों ने कुतर दिया था। उस समय मोर्चरी के 12 में से सात डीप फ्रीजर खराब होने और फ्रीजर का लॉक खराब रहने से शवों के सड़ने की बात भी सामने आई थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद अब एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने नये अस्पताल परिसर में भी शवों के सुरक्षित संरक्षण और मोर्चरी की निगरानी को लेकर ठोस व्यवस्था कब सुनिश्चित होगी।
No Comment! Be the first one.