उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
NEWS SAGA DESK
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ने पर घर पर ही डॉक्टर को बुलाया गया था। इसी दौरान उनका निधन हो गया। जिस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी मां के निधन की सूचना मिली, उस समय वह गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद थे। इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे। मां के निधन की खबर मिलने के बाद भी उन्होंने अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा।
सावित्री देवी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और अपने पैतृक गांव पंचूर में रह रही थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समय-समय पर उनसे मिलने पहुंचते थे। जून 2024 में भी योगी आदित्यनाथ ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचे थे, जहां उनकी मां का इलाज चल रहा था। उस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनसे मुलाकात की थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हुआ था। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण देशभर में लॉकडाउन लागू था। संक्रमण और प्रतिबंधों के बीच योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।
No Comment! Be the first one.