लालू यादव परिवार संग गोपालगंज पहुंचे, बरगछिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ी समर्थकों की भीड़

NEWS SAGA DESK

लालू प्रसाद यादव परिवार के साथ गोपालगंज के बरगछिया गांव पहुंचे। राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य भी रहीं साथ, समर्थकों की जुटी भीड़। पढ़ें पूरी खबर।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव गुरुवार (19 नवंबर 2026) देर शाम परिवार के सदस्यों के साथ गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड स्थित बरगछिया गांव पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं।

लालू प्रसाद यादव के आगमन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा गया। अपने नेता की एक झलक पाने के लिए बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में उत्सुकता दिखी। शाम ढलते ही बरगछिया गांव में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था और काफिला पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए।

रिश्तेदार के घर सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल, समर्थकों से मिले लालू यादव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालू प्रसाद यादव बरगछिया गांव निवासी और अपने करीबी रिश्तेदार सुभाष चंद्र यादव के आवास पर आयोजित एक पारिवारिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए पहुंचे थे।

समर्थकों के स्नेह और उत्साह को देखते हुए लालू प्रसाद यादव ने भी उन्हें निराश नहीं किया। वाहन से उतरने के बाद वे कुछ समय तक बाहर बैठे और मुस्कुराते हुए स्थानीय ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस

लालू प्रसाद यादव के स्वागत के लिए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, हथुआ के पूर्व विधायक राजेश सिंह, स्थानीय नेता रूपेश यादव, बशीर मियां, शिवनाथ यादव और राकेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहले से ही मौजूद थे। काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह सहित पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि काफिले को एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर नीतू कुमारी को सौंपी गई थी। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया।

Read More News

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े की तैयारी तेज, बिरसा मुंडा स्टेडियम में तीन थीम पर लगेगी जिलों की प्रदर्शनी

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा। तीन थीम पर सजेगी प्रदर्शनी,...

अकवान तूफान को लेकर जेबीवीएनएल अलर्ट, सबस्टेशनों पर इंजीनियर तैनात; बिजली बहाली की तैयारी तेज

अकवान तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर जेबीवीएनएल ने की खास तैयारी। सबस्टेशनों में इंजीनियर...

Read More