BJP झारखंड प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। संजय सेठ ने अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
News Saga Desk
रांची: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह भी रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रांची एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल और अन्य अतिथियों का आगे बढ़कर स्वागत किया।
विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही भाजपा
रांची पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा झारखंड प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा विकसित राष्ट्र के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता संगठन के लक्ष्य को जमीन पर उतारने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। झारखंड दौरे के दौरान प्रदेश संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
पुराने तेवर में भाजपा, कार्यकर्ताओं में जोश : संजय सेठ
वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भाजपा अपने पुराने तेवर में है और कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन के लिए काम कर रहे हैं।
संजय सेठ ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की ओर उम्मीद से देख रही है।
संगठन को लेकर अहम माना जा रहा दौरा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों का झारखंड दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पार्टी राज्य में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में लगातार सक्रिय है। नेताओं के इस दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रांची पहुंचने के बाद प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। माना जा रहा है कि दौरे के दौरान प्रदेश संगठन की स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
No Comment! Be the first one.