बिहार के सारण जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का संकट और गहरा गया है। पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर के पास सारण मुख्य तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों की ओर फैल रहा है। तटबंध टूटने की जगह सारण-गोपालगंज सीमा के करीब है
NEWS SAGA DESK:
बिहार के सारण जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का संकट और गहरा गया है। पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर के पास सारण मुख्य तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों की ओर फैल रहा है। तटबंध टूटने की जगह सारण-गोपालगंज सीमा के करीब है, जिससे दोनों जिलों के कई गांवों पर खतरा बढ़ गया है।
पानी के बढ़ते बहाव से पानापुर और मशरक के साथ तरैया, अमनौर और मढ़ौरा के निचले इलाकों में भी परेशानी बढ़ने की आशंका है। गोपालगंज के बैकुंठपुर क्षेत्र में भी पानी पहुंचने का खतरा बताया जा रहा है। हालात को देखते हुए ग्रामीण जरूरी सामान सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
कई गांवों तक पहुंचा बाढ़ का पानी
प्रशासन के मुताबिक, सारण में बाढ़ का असर कई पंचायतों और दर्जनों गांवों तक पहुंच चुका है। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मेडिकल कैंप, नाव और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। NDRF और SDRF की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में सक्रिय हैं। मकेर प्रखंड में भी बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है। गंडक के बढ़ते जलस्तर और तटबंध के क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में पानी फैल गया है। बाजार क्षेत्र तक पानी पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं।
तरैया और NH-722 पर भी असर
तरैया प्रखंड के नदी किनारे बसे गांवों के निचले हिस्सों में पानी पहुंच गया है। कई घर पानी से घिरने की सूचना है। वहीं मकेर के चांदनी चौक के पास छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
DM-SP ने नाव से किया निरीक्षण
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। अधिकारियों ने नाव से निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और टीमों को जरूरी निर्देश दिए। बाढ़ के कारण मकेर की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। राहत शिविर, नाव और मेडिकल सुविधाओं के जरिए प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास जारी है।
No Comment! Be the first one.