बीएसएससी परीक्षा को तीन साल से इंतजार, बारिश में पटना की सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

NEWS SAGA DESK

बीएसएससी परीक्षा का फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने पटना में प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बैरिकेडिंग पर चढ़े छात्र।

पटना में बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। परीक्षा के लिए आवेदन किए करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी अब तक परीक्षा आयोजित नहीं होने से नाराज बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भारी बारिश के बीच प्रदर्शन करने सड़क पर उतर आये। हाथों में तिरंगा लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से परीक्षा प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग

प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर 12 के पास से हुई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वहां जमा हुए। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने करीब तीन साल पहले परीक्षा के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक परीक्षा की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लंबे इंतजार के कारण उनकी तैयारी और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

बैरिकेडिंग पर चढ़े अभ्यर्थी

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। हालांकि कई अभ्यर्थी बैरिकेडिंग के पास पहुंच गये और कुछ उस पर चढ़ते हुए भी नजर आये। इससे मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गयी।

अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से वे परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बार-बार इंतजार करने के बावजूद परीक्षा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनमें निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। उनका कहना है कि सरकार को उनकी समस्या का समाधान करते हुए परीक्षा की स्पष्ट तारीख घोषित करनी चाहिए। पटना में मंगलवार को भारी बारिश के बीच भी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। अभ्यर्थियों ने कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद वे आंदोलन करने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि उनके भविष्य से जुड़ा मामला लंबे समय से लंबित है।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग

प्रदर्शनकारियों ने इसे अपना मौन आंदोलन बताया। उनका कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर उतरे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया गया, तो वे मौके पर ही डटे रहेंगे।

आंदोलन रोकने पर यहीं रहने की चेतावनी

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि यदि पुलिस या प्रशासन ने उनके आंदोलन को आगे बढ़ने से रोका, तो वे वहीं बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखेंगे। उनका कहना है कि परीक्षा के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के धैर्य की सीमा अब खत्म हो रही है।

बिहार कर्मचारी चयन आयोग

अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा को लेकर सरकार और संबंधित आयोग जल्द स्थिति स्पष्ट करे। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी से उम्र बढ़ने के साथ-साथ दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है।

अभ्यर्थियों में दिखा आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश देखने को मिला। एक प्रदर्शनकारी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार उनकी परेशानी नहीं समझ रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि तीन साल तक परीक्षा का इंतजार करना उनके लिए बेहद मुश्किल है।

उनका कहना है कि परीक्षा की तैयारी में समय और पैसा लगाने के बाद भी जब परीक्षा आयोजित नहीं होती, तो उम्मीदवारों के सामने अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो जाती है। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द से जल्द परीक्षा आयोजित कराने की मांग की है। फिलहाल पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सड़क पर उतरने से यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार और संबंधित आयोग की ओर से आने वाले अगले कदम पर है।

Read More News

Read More