गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बाइक सवार महिला सिया ने सामने आकर कार चालक के दावों पर सवाल उठाए हैं।
NEEWS SAGA DESK:
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बाइक सवार महिला सिया ने सामने आकर कार चालक के दावों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, कार चालक बताए जा रहे कल्याण बैसला ने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया है।
वायरल वीडियो को लेकर सिया ने उठाए सवाल
सिया का कहना है कि वायरल वीडियो में घटना से पहले और टक्कर के दौरान की स्थिति काफी हद तक स्पष्ट दिखाई देती है। उनके मुताबिक वीडियो में कार को बाइकर्स के पीछे चलते और बाद में लेन बदलते हुए देखा जा सकता है। सिया ने कहा कि बाइकर्स अपनी गति कम या ज्यादा कर रहे थे, तो भी किसी वाहन चालक को उनका पीछा करने या टक्कर मारने का अधिकार नहीं मिल जाता। उनका दावा है कि घटना से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो मौजूद हैं। इनमें से एक वीडियो में कार लेन बदलकर उनकी बाइक की दिशा में आती दिखाई देती है। वहीं, बाइक में लगे फ्रंट कैमरे की रिकॉर्डिंग में टक्कर और उसके बाद उनके सड़क पर गिरने का घटनाक्रम कैद है।

अगर हादसा था तो कार चालक रुका क्यों नहीं?
सिया ने कार चालक के दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर यह महज एक दुर्घटना थी, तो टक्कर के बाद कार चालक मौके पर क्यों नहीं रुका। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद यह देखना जरूरी था कि जिस बाइकर को टक्कर लगी, उसकी हालत कैसी है। सिया का कहना है कि टक्कर इतनी गंभीर हो सकती थी कि उन्हें गंभीर चोट लगने के साथ उनकी जान भी जा सकती थी।
कार चालक ने क्या कहा?
दूसरी ओर, कार चला रहे बताए जा रहे कल्याण बैसला ने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप को खारिज किया है। उनका दावा है कि करीब 22 से 23 बाइकर्स का एक समूह उनकी कार को बार-बार ओवरटेक कर रहा था और आगे जाकर धीमा हो रहा था। बैसला के मुताबिक, महिला बाइकर अचानक उनकी कार की दिशा में मुड़ी और उन्होंने टक्कर से बचने की कोशिश की। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को अलग-अलग क्लिप जोड़कर पेश किया गया है, जिससे घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट नहीं होती। ।
पुलिस ने दर्ज की FIR
मामले में गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 281 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस वायरल फुटेज समेत घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। सिया की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। ऐसे में पुलिस की जांच और उपलब्ध वीडियो फुटेज के विश्लेषण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गोल्फ कोर्स रोड पर हुई यह घटना एक सड़क दुर्घटना थी या टक्कर के पीछे जानबूझकर की गई कार्रवाई का आरोप सही है
No Comment! Be the first one.