खलारी में तीन हाईवा को जलाने का आरोपित गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
NEWS SAGA DESK रांची, । खलारी पुलिस ने तीन हाईवा को जलाने के साथ मजदूरों से मारपीट एवं फायरिंग करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बंटी कुमार के रूप में हुई है और वो खलारी के गुलजार बाग का ही रहने वाला है। इसके खिलाफ खलारी थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। डीएसपी रामनारायण चौधरी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 22 दिसंबर को तीन हाइवा में आग लगाने और फायरिंग एवं मजदूरों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। साथ ही चतरा के पिपरवार थाना क्षेत्र में भी आलोक गिरोह के जरिये एक हाइवा जला दिया गया था। पुलिस लगातार इस संबंध में छापेमारी और अनुसंधान कर रही थी। इसी क्रम में सूचना गुप्त सूचना मिली कि पुरनीराय स्थित निर्मल चौक के समीप आगजनी घटना में शामिल एक अपराधी को हुटाप मोड़ के समीप देखा गया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुटाप के पास से बंटी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गयी है। उनके विरुद्ध लगातार छापेमारी की जा रहा है। इनलोगों ने मिलकर “आलोक जी” नाम का गिरोह बनाया है और उसी नाम से लगातार खलारी, पिपरवार, मैक्लुस्कीगंज, केरेडारी, बुढमू और आस-पास के क्षेत्रों में जान मारने और गाड़ी जलाने की धमकी देकर रंगदारी की मांग की जा रही है।
झारखंड में वर्ष 2024 में 971 साइबर ठग गिरफ्तार
NEWS SAGA DESK रांची,। झारखंड में वर्ष 2024 में अब तक 971 साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि साईबर अपराध से संबंधित कुल 1295 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 2118 मोबाईल फोन, 2905 सिम कार्ड, 606 एटीएम कार्ड, 165 विभिन्न बैंको के पासबुक, 45 विभिन्न बैंको के चेकबुक, 52 लैपटॉप, 12 चार पहिया वाहन, 70 अन्य वाहन के साथ आठ करोड़ 17 लाख 84 हजार 714 रुपये बरामद किये गये हैं। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एवी होमकर ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों से 77 लाख 20 हजार 513 रुपये फ्रिज किये गये हैं। साथ ही साईबर अपराध की रोकथाम के लिए प्रतिबिम्ब एप का सार्थक प्रयोग करते हुए वर्ष 2024 में राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 274 कांड प्रतिवेदित हुए। इन कांडों में कुल 898अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 2501 सिम कार्ड, 1774 मोबाईल फोन बरामद कर जब्त किये गये। इसके अतिरिक्त कुल 66.43 करोड़ रूपये फ्रीज किया गया और तीन करोड़ 27 लाख 93 हजार 77 पीड़ित को उपलब्ध कराई गई। 244 नक्सली गिरफ्तार, मुठभेड़ में नौ मारे गये आईजी अभियान एवी होमकर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस को इस वर्ष बड़ी कामयाबी मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में कुल 244 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक सैक सदस्य, दो जोनल कमान्डर, छह सब जोनल कमान्डर, छह एरिया कमान्डर शामिल हैं। साथ ही वर्ष 2024 में अब तक 24 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है, जिसमें चार जोनल कमान्डर, एक सब जोनल कमान्डर, तीन एरिया कमान्डर और एक सदस्य शामिल हैं। होमकर ने बताया कि इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में पुलिस मुठभेड़ में नौ नक्सली मारे गये है। इनमें सिंगराई उर्फ मनोज, कांदे होनहगा, रादुंग बोदरा, बुधराम मुण्डा, सूर्या उर्फ मंता देवगन, सपनी हांसदा, हरेन्द्र गंझू, ईश्वरी गंझू, जंगा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष-2024 में अब तक नक्सलियों से कुल 123 हथियार बरामद किये गये, जिसमें पुलिस से लुटा गया 35 हथियार एवं रेगुलर हथियार सात और देशी हथियार 81 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 5234 गोली, विस्फोटक पदार्थ 246.40 किलोग्राम और 13.39 लाख रुपये लेवी की राशि की बरामदगी की गयी तथा नक्सलियों के जरिये बिछाये गये 239 आईईडी को बरामद कर विनिष्ट किया गया। मादक पदार्थ मामले में 1362 गिरफ्तार आईजी अभियान ने बताया कि वर्ष 2024 में पुलिस की ओर से मादक पदार्थ की रोकथाम का सार्थक प्रयास करते हुए प्रभावी नियंत्रण लगाया गया है। इस संबंध में राज्य में कुल 788 मामले दर्ज हुए है। इस मामले में 1362 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 1407.1 किलोग्राम अफीम, 18.290 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 36.45 ग्राम हेरोइन, 4251.2 किलोग्राम गांजा, 55333.54 किलोग्राम डोडा, नशे के लिए प्रयुक्त किए जाने वाले 7115 टैबलेट, 4434 कैप्सूल, 10222 बोतल कफ सिरप, 1720 पीस इंजेक्शन बरामद किये गये है। साथ ही एक करोड़ 82 लाख 51 हजार 950 रुपये बरामद किया गया। इसके अलावा 3974.985 एकड़ की भूमि में लगे अवैध अफीम की खेती को विनष्ट किया गया है।
रांची से लखनऊ, अमृतसर, बनारस के लिए नई ट्रेनें चलाने का भेजा गया प्रस्ताव
2024 में रांची को कई नई ट्रेनें मिलीं। इनमें हावड़ा, पटना और बनारस के लिए वंदे भारत ट्रेन भी शामिल हैं। 30 दिसंबर तक रांची-मदार (अजमेर) वाया जयपुर स्पेशल ट्रेन चलाई गई। कुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाने वाली हैं। इसके अलावा कई ट्रेनों को एक्सटेंशन दिया गया।
कृषि मंत्री ने कृषि भवन का किया औचक निरीक्षण
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को कृषि भवन का औचक निरीक्षण किया।
झामुमो ने राज लकड़ा समेत 8 नेताओं को पार्टी से निकाला
झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिले के 8 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासित होने वाले इन नेताओं में झामुमो केंद्रीय समिति के पूर्व सदस्य राज लकड़ा, कालू गोराई, अरविंद कुमार, सूरज गौड़, अमृत प्रसाद श्रीवास्तव, सोनू सिंह, दांदू राम बेसरा व बैजनाथ सोरेन प्रमुख हैं।
राजधानी में देर रात चला एंटी क्राइम जांच अभियान
राजधानी रांची में नए साल को लेकर रविवार की देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए और डीएसपी सिल्ली के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने मेन रोड से लेकर रातु रोड तक सड़क पर पैदल पेट्रोलिंग की।
दिनदहाड़े 13 लाख की लूट, बचाव में आये व्यवसायी को मारी गोली
राजधानी रांची के पंडरा इलाके में दिन-दहाड़े अपराधियों ने 13 लाख रुपए लूट लिए। आशीर्वाद आटा कंपनी के कैशियर सुमित कुमार गुप्ता से अपराधियों ने पैसे लूटे हैं।
होटल मैनेजर को मारी गोली: अस्पताल में कराया भर्ती
राजधानी रांची में होटल के मैनेजर को अपराधियों ने गोली मारी है। पंडरा इलाके के पिस्का क्षेत्र में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। रक्षा राज्यमंत्री और सांसद संजय सेठ के घर के पास अपराधियों ने फायरिंग कर सुमित कुमार को गोली मारी है। घायल अवस्था में होटल
बढ़ते भारत, बदलते भारत की गाथा है मन की बात कार्यक्रमः बाबूलाल मरांडी
NEWS SAGA DESK रांची, । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को आकाशवाणी पर किया गया मन की बात संबोधन अत्यंत प्रेरणादायी और महत्वपूर्ण जानकारियों से परिपूर्ण संबोधन होता है। इस कार्यक्रम में देश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं को संजोए हुए उसकी गौरव गाथाओं के साथ सभी क्षेत्रों में भारत की प्रगति, बढ़ते भारत और बदलते भारत की झलक होती है। मरांडी ने कहा कि आगामी 14 जनवरी से प्रयागराज में लग रहे कुंभ में दिखने वाली भारत की एकता और श्रेष्ठता को समाज जीवन में लगातार बनाए रखने की आवश्यकता है। हमारी विविधताएं देश की कमजोरी नहीं, बल्कि विशिष्टता है, विशेषता है। यह देश विविधता में एकता का जीता जगता उदाहरण है। देश के प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के आह्वान पर निरंतर चलते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान करने केलिए संकल्पित होना चाहिए। मरांडी ने कहा कि देश की युवा शक्ति की विश्व पटल पर बढ़ती ताकत और प्रतिभाओं को मिलता सम्मान भारत को विश्व की अगुवाई के लिए तैयार कर रहा। युवाओं की ताकत 2047 में विकसित भारत के सपनो को साकार करेगा। रविवार को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को भाजपा के नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, विधायकगण, कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में जनता के साथ बैठकर कार्यक्रम को सुना।
कैमरून में फंसे राज्य के 47 प्रवासी श्रमिकों में से 11 की सुरक्षित वापसी
NEWS SAGA DESK रांची, । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर कैमरून में फंसे झारखंड के 47 प्रवासी श्रमिकों में से 11 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी हो गई। सभी श्रमिकों को श्रम विभाग के जरिये उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाया गया। बाकी बचे 36 श्रमिकों की वापसी भी सुनिश्चित की जा रही है। यह है मामला सेंट्रल अफ्रीका के कैमरून के एमएस ट्रांस रेल लाइटिंग लिमिटेड में कार्यरत झारखंड के हजारीबाग, बोकारो और गिरिडीह जिलों के 47 श्रमिकों के वेतन भुगतान और कंपनी के जरिये अच्छा व्यवहार नहीं किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री को प्राप्त हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रमिकों और संबंधित कंपनी से संपर्क कर मामले का सत्यापन किया। मामले के सत्यापन के बाद श्रम सचिव मुकेश कुमार और कमिश्नर संजीव कुमार बेसरा के निर्देशानुसार संबंधित जिलों के श्रम अधीक्षकों ने नियोजकों, नियोक्ताओं और बिचौलियों (मिडिलमैन) के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराया और फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। श्रमिकों को मिला पारिश्रमिक कंट्रोल रूम की टीम लगातार ई-मेल और फोन के माध्यम से अधिकारियों, कंपनी एवं श्रमिकों से संपर्क करते हुए श्रमिकों का कुल 39,77,743 बकाया रुपये का भुगतान कराया गया है। इसके बाद 27 दिसंबर को 47 श्रमिकों में से 11 श्रमिकों के पहले समूह की कैमरून से भारत के लिए सुरक्षित वापसी हुई। झारखंड पहुंचने पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों का स्वागत बिरसा हवाई अड्डे पर किया।