News Saga Desk
लोहरदगा: झारखंड के Lohardaga जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर रात हाथियों के झुंड ने नावाटोली और चंदवा थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पांच मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और घरों में रखे सामान को तहस-नहस कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे हाथियों का झुंड सबसे पहले कुड़ू थाना क्षेत्र के नावाटोली गांव पहुंचा। यहां हाथियों ने अल्बिस मिंज, बुलदेब उरांव समेत चार घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने घरों में रखा अनाज और खाने-पीने का सामान नष्ट कर दिया, जबकि पलंग, चौकी, गोदरेज और अन्य घरेलू सामान तोड़ दिए। किसी तरह परिवार के लोग घर से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
ग्रामीणों के शोर मचाने और जुटने के बाद हाथियों का झुंड वहां से निकलकर चंदवा थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव पहुंच गया। यहां हाथियों ने संगीता देवी के मकान पर हमला कर दिया। घटना के समय घर में मौजूद मां और बेटी ने किसी तरह दरवाजा खोलकर भागकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि हाथियों का झुंड करीब एक घंटे तक मकान के आसपास मंडराता रहा, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले महीने भी इसी मकान पर हाथियों ने हमला किया था। उस दौरान भागने के क्रम में एक लड़की घायल हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से राहत दिलाने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.