News Saga Desk
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन केंद्र सरकार में अल्पसंख्यक मामलों तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (MoS) के रूप में कार्यरत थे। उनका राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया था, जिसके बाद उन्होंने मंत्री पद छोड़ दिया।
जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी एनडीए सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री बनाए गए थे। उन्होंने 9 जून 2024 को मंत्री पद की शपथ ली थी और 11 जून को अल्पसंख्यक मामलों तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय का कार्यभार संभाला था।
कुरियन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और 1980 में पार्टी की स्थापना के समय से ही संगठन से जुड़े रहे हैं। वे केंद्र सरकार में ईसाई समुदाय से आने वाले प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते थे।
केरल के कोट्टायम जिले के एट्टुमानूर क्षेत्र में 20 सितंबर 1960 को जन्मे जॉर्ज कुरियन ने कानून विषय में स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ-साथ वे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने और दोबारा नामांकन नहीं मिलने के कारण उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। हालांकि, भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
No Comment! Be the first one.